CG News Times

MLA Dharamjeet Singh Birthday Party: भाजपा विधायक के जन्मदिन का जश्न बना आम जनता की मुसीबत, सड़क पर केक कटने से घंटों लगा भीषण जाम; वीडियो वायरल

MLA Dharamjeet Singh Birthday Party

MLA Dharamjeet Singh Birthday Party: क्या जनप्रतिनिधियों के समर्थकों के लिए ट्रैफिक के कोई नियम नहीं होते? तखतपुर विधायक के जन्मदिन के जश्न में सड़कों पर ऐसा तांडव मचा कि तीज के पावन पर्व पर घर लौट रही आम जनता घंटों जाम में जूझती रही। देखिए कैसे जश्न की तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

तखतपुर से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह का जन्मदिन रविवार को उनके समर्थकों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। लेकिन भरनी और चोरभट्टी में आयोजित इन जन्मदिन समारोहों ने आम जनता के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी। विधायक के समर्थकों ने मुख्य सड़क किनारे ही केक काटा और जमकर आतिशबाजी की, जिसके चलते बिलासपुर-कोटा मार्ग पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

तीज पर्व पर घर लौट रही जनता फंसी ट्रैफिक में:

समारोह के दौरान विधायक के संबोधन और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। स्थिति यह थी कि तीज पर्व के मौके पर अपने घर लौट रही महिलाओं और अन्य राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोगों को रास्ता साफ होने के लिए काफी देर तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। जैसे-जैसे विधायक का काफिला आगे बढ़ा, पीछे वाहनों का जाम और भी गहराता चला गया।

सार्वजनिक व्यवस्था और नियमों पर उठ रहे सवाल:

जन्मदिन का जश्न अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के आयोजनों से यातायात व्यवस्था का चरमरा जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। आम जनता के लिए बनाए जाने वाले ट्रैफिक नियम और कानून क्या जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों पर लागू नहीं होते? इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *