जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से देश और प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। इसी के तहत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान महारानी अस्पताल जगदलपुर पहुंचकर रक्तदान किया। इस दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे।
महारानी अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना रहा।
रक्तदाताओं से मिले विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों से मुलाकात की और उनके सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त दुर्घटना में घायल लोगों, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
उन्होंने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के योगदान की भी सराहना की। विजय शर्मा ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की।
एड्स जागरूकता पर नाटक देखा
महारानी अस्पताल में उप मुख्यमंत्री ने एड्स से बचाव, जागरूकता और आधुनिक उपचार संसाधनों पर आधारित नाटक भी देखा। कलाकारों ने बीमारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और समय पर इलाज कराने का संदेश दिया। विजय शर्मा ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।
अस्पताल परिसर में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप ने महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधों की देखभाल और सुरक्षा का संकल्प दोहराते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
शिविर में आम नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
