CG News Times

कबीरधाम में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार: नया बस स्टैंड के सामने पकड़ा, शराब-मोटरसाइकिल समेत ₹72 हजार का सामान जब्त

कबीरधाम। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस ने नया बस स्टैंड के सामने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 पाव देशी शराब, बिक्री की रकम और शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत ₹72 हजार बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को सिटी कोतवाली की टीम कस्बा और देहात पेट्रोलिंग के दौरान नया बस स्टैंड के सामने पहुंची थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

तलाशी में मिली 20 पाव शराब

पुलिस ने मौके से तिवारी नवागांव निवासी 24 वर्षीय दुर्गेश यादव को पकड़ा। उसके पास रखे कपड़े के थैले की तलाशी लेने पर 10 पाव देशी प्लेन मदिरा शेरा कंपनी और 10 पाव देशी प्लेन मदिरा पावर कंपनी की शराब मिली। कुल 20 पाव शराब की मात्रा 3.60 बल्क लीटर और कीमत ₹1,600 बताई गई है।

पुलिस ने शराब बिक्री से मिली ₹400 की नगद रकम और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल CG 09 JM 8785 भी जब्त की है। मोटरसाइकिल की कीमत ₹70 हजार बताई गई है। इस तरह कुल ₹72 हजार का मसरुका जब्त किया गया।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी दुर्गेश यादव के खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।

कबीरधाम पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अवैध शराब या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *