CG News Times

कबीरधाम में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

कवर्धा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और आम नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

 

14 साल की बच्चियों का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण कराने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बच्चियों का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा। इसके लिए स्कूलों और अन्य संस्थानों के साथ समन्वय कर पात्र बच्चियों की जानकारी जुटाने तथा टीकाकरण से वंचित बच्चियों का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अभिभावकों और छात्राओं को HPV टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया।

स्कूल, आंगनबाड़ी और छात्रावासों में पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और छात्रावास-आश्रमों में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी स्थिति में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने को कहा गया।

जर्जर भवनों में नहीं लगेंगी कक्षाएं

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अत्यधिक पुराने और जर्जर भवनों में स्कूल या आंगनबाड़ी की कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। ऐसे भवनों को चिन्हांकित कर आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

सरकारी कामकाज अब ई-ऑफिस से

बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को कार्यालयीन कार्य और फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैनुअल तरीके से फाइल चलाने से बचने और डिजिटल प्रणाली का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा।

सुबह 10 बजे तक बायोमैट्रिक उपस्थिति जरूरी

सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि कार्यालय पहुंचने के बाद सुबह 10 बजे तक बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। विभाग प्रमुखों को इसकी नियमित निगरानी करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बीरेन्द्र नगर और रबेली में नए कॉलेज की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सहसपुर लोहारा विकासखंड के बीरेन्द्र नगर और कवर्धा तहसील के रबेली में नवीन महाविद्यालय शुरू करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सके।

सरकारी कार्यालयों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने पर जोर

कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसरों, अभिलेखों और कार्यस्थल को व्यवस्थित रखने के साथ अनुपयोगी, जर्जर और पुरानी सामग्री को नियमानुसार हटाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत CEO श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, श्री रामप्रसाद आचला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर लोगों को त्वरित और बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *