कबीरधाम। सरोधा बांध में पर्यटकों और राहगीरों से विवाद कर गाली-गलौज कर रहे एक युवक के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद युवक को समझाइश दी गई, लेकिन वह दोबारा हंगामा करने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया।
मामला 4 अक्टूबर 2026 का है। सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सरोधा बांध के पास एक युवक पर्यटकों के साथ विवाद कर रहा है और गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
समझाइश के बाद भी नहीं माना
पुलिस के अनुसार, मौके पर तारो निवासी लक्ष्मण साहू (20) पर्यटकों और वहां आने-जाने वाले लोगों से विवाद कर रहा था। पुलिस ने उसे समझाकर शांति बनाए रखने और किसी से विवाद नहीं करने की हिदायत दी।
पुलिस का कहना है कि समझाइश के बावजूद युवक फिर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इससे मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और युवक मारपीट पर उतारू हो गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
धारा 170 BNSS में गिरफ्तार
पुलिस ने संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए लक्ष्मण साहू के खिलाफ कार्रवाई की। संज्ञेय अपराध होने की संभावना को देखते हुए उसे धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसके खिलाफ धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत अलग से इस्तगासा तैयार किया गया। अधिक से अधिक प्रतिभूति से प्रतिबंधित किए जाने के लिए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पर्यटक स्थलों पर पुलिस की निगरानी
सिटी कोतवाली पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों पर विवाद, गाली-गलौज या मारपीट जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य किसी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते संभावित अप्रिय घटना को रोकना और पर्यटकों व आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखें। किसी भी विवादित या संदिग्ध स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
