CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

कबीरधाम। चौकी पोड़ी पुलिस ने चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग चांदी का रूपया और एक नग सोने की पत्ती बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर कर्ज चुकाने के लिए चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया था।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार की टीम को यह सफलता मिली।

महिला के गले से झपटी थी चांदी की माला

मामला 6 नवंबर 2025 का है। ग्राम कारेसरा निवासी रामबनवास साहू ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच रोशन कोटवार के खेत के पास उसकी चाची अमृत बाई के गले में पहनी 9 नग चांदी की रुपया माला को दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने झपट लिया था। आरोपियों ने धारदार हथियार से वार भी किया और मौके से फरार हो गए थे।

मामले में चौकी पोड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 178/2025 के तहत धारा 304, 309(4) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

साथी आरोपी से पूछताछ में खुला राज

विवेचना के दौरान थाना पिपरिया के एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी राधेलाल चतुर्वेदी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में राधेलाल ने ग्राम बैहरसरी निवासी गुलाबचंद राय के साथ मिलकर कारेसरा में झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने गुलाबचंद राय की तलाश कर उसे उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह राधेलाल चतुर्वेदी का दोस्त है। दोनों जुए में रुपये हारने के बाद कर्ज में डूब गए थे। कर्ज चुकाने के लिए दोनों ने चोरी और झपटमारी करने की योजना बनाई।

मोटरसाइकिल से पहुंचे, माला झपटी और हसिया से किया वार

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि 6 नवंबर 2025 को वह और राधेलाल चतुर्वेदी मोटरसाइकिल से कारेसरा क्षेत्र पहुंचे थे। वहां एक महिला के गले में चांदी की माला देखकर राधेलाल ने माला झपट ली और महिला पर धारदार हसिया से वार किया। घटना के बाद दोनों वहां से फरार हो गए।

झपटमारी में मिली चांदी की माला से प्राप्त रुपयों में से एक-एक रुपया दोनों ने आपस में बांट लिया था।

बुजुर्ग महिला के गले से सोने की पत्ती भी काटी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने 11 अप्रैल 2026 को ग्राम गण्डईकला मोड़ के पास हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी राधेलाल चतुर्वेदी और नैनदास के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा था।

आरोपियों ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बहाने एक बुजुर्ग महिला के पास जाकर हसिया की मदद से उसके गले में पहनी माला काट दी और उसमें लगी सोने की पत्तियां चोरी कर लीं।

चांदी का रुपया और सोने की पत्ती बरामद

आरोपी के मेमोरेण्डम कथन एवं उसके द्वारा प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में एक नग चांदी का रुपया और एक नग सोने की पत्ती विधिवत जप्त की।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गुलाबचंद राय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में विवेचना अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *