कबीरधाम। कुकदूर पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 भैंस और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों, विशेषकर अवैध गांजा, मादक पदार्थ, शराब, पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को मजबूत कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के दिशा-निर्देश पर कुकदूर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीटोला (बदना), कारीढाप रोड, कुकदूर क्षेत्र में मवेशियों को पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक बिना चारा-पानी के कत्लखाने ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में 5 नग भैंस मिलीं। पुलिस के अनुसार, इन मवेशियों को बिना वैध दस्तावेज और उचित चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।
तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
मामले में जोहन सिंह मरावी (35), निवासी कारीढाप, थाना कुकदूर; हीरापन्ना बघेल (38), निवासी परसाकांपा, थाना लालपुर, जिला मुंगेली; और दुबेन्द्र धृतलहरे (30), निवासी देवरी, थाना मुंगेली, जिला मुंगेली के खिलाफ थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 52/2026 दर्ज किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 नग भैंस, जिनकी कीमत करीब 1 लाख रुपये, और एक महेन्द्र बोलेरो पिकअप वाहन, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया है। इस तरह कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, प्रधान आरक्षक संजू झारिया, आरक्षक दुजराम सिंद्राम, आरक्षक कृष्ण कुमार धुर्वे, आरक्षक पंचम बघेल, आरक्षक सुनील नायक और आरक्षक जगदीश मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पूर्ण अंकुश लगाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
