Durg School Teacher Shortage : दुर्ग में शिक्षकों की कमी को लेकर फिर सड़क पर उतरे स्टूडेंट्स, 400 बच्चों के लिए सिर्फ 4 शिक्षक
Durg School Teacher Shortage: पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर दिखा। 21 अगस्त के प्रदर्शन के चार दिन बाद मंगलवार को विद्यार्थियों ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब 400 विद्यार्थियों वाले स्कूल में फिलहाल सिर्फ 3 शिक्षक और एक प्रिंसिपल हैं। छात्रों का कहना है कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई और सिलेबस दोनों प्रभावित हो रहे हैं
विद्यार्थियों के मुताबिक, स्कूल में 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं। छात्र चाहते हैं कि शिक्षकों के सभी जरूरी पद जल्द भरे जाएं। उनका दावा है कि मौजूदा संख्या की तुलना में स्कूल में कम से कम 17 शिक्षकों की जरूरत है।
चार दिन पहले प्रदर्शन, लेकिन समाधान नहीं
21 अगस्त को भी विद्यार्थियों ने शिक्षकों की कमी को लेकर इसी मार्ग पर प्रदर्शन किया था। उस समय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। विद्यार्थियों को उम्मीद थी कि इसके बाद स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी, लेकिन 25 अगस्त तक स्थिति में बदलाव नहीं आया।
छात्रों का कहना है कि वे पढ़ाई छोड़कर सड़क पर बैठना नहीं चाहते, लेकिन शिक्षक नहीं होने से उनकी नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी वजह से उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
Durg School Teacher Shortage: ओपन स्कूल को लेकर भी नाराजगी
विद्यार्थियों ने स्कूल में संचालित ओपन स्कूल को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि स्कूल के कुछ शिक्षकों की ड्यूटी ओपन स्कूल में लगाए जाने से नियमित कक्षाओं की पढ़ाई और ज्यादा प्रभावित होती है। छात्र चाहते हैं कि पहले नियमित विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए।

कलेक्टर और शिक्षा मंत्री से मिलने की मांग
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर कलेक्टर और शिक्षा मंत्री से बात करना चाहते हैं। उनका कहना है कि मामला उनके भविष्य और पढ़ाई से जुड़ा है, इसलिए अब वे अधिकारियों से ठोस समाधान की उम्मीद कर रहे हैं
खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन और पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया।
Durg School Teacher Shortage: शिक्षा मंत्री के गृह जिले में शिक्षकों की कमी का मुद्दा
पेंड्रावन का आत्मानंद स्कूल दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र में स्थित है। छात्रों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। उनका सवाल है कि अगर पढ़ाने के लिए शिक्षक ही पर्याप्त नहीं होंगे, तो विद्यार्थियों का सिलेबस समय पर कैसे पूरा होगा।
