CG News Times

Bhilai Knife Attack: लिफ्ट मांगना पड़ा भारी! स्कूटी सवारों से विवाद के बाद युवक को घोंपा चाकू, इलाज के दौरान मौत

Bhilai Knife Attack: भिलाई के नेहरू नगर चौक पर देर रात हुआ विवाद, चाकू लगने से गंभीर घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम; CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

भिलाई। छत्तीसगढ़ के Bhilai से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शनिवार रात मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक को चाकू मार दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक का है। मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था।

ट्रक नहीं रुका तो स्कूटी सवारों को रोकने की कोशिश

बताया जा रहा है कि रात के समय शिव ने नेहरू नगर चौक पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। बहस बढ़ने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि स्कूटी सवार एक युवक ने शिव के बाएं पैर की जांघ पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगते ही शिव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

Bhilai Knife Attack

चाकू मारने के बाद फरार हुए आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी स्कूटी लेकर अंडरब्रिज की ओर से टाउनशिप की तरफ निकल गए। घटना के बाद शिव के साथ मौजूद दोस्त ने मदद की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शिव को तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, रविवार सुबह इलाज के दौरान शिव की मौत हो गई।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी दो स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हुए थे। वहीं, मृतक के साथ मौजूद युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि आखिर मामूली विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला क्यों किया गया और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कब तक हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *