CG News Times

Mann Ki Baat 137th Episode: CM साय ने सुनी ‘मन की बात’, छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का भी हुआ जिक्र

Mann Ki Baat 137th Episode

Mann Ki Baat में नशामुक्ति, महिला सशक्तीकरण और स्वच्छता पर जोर, महिमा राजपूत की उपलब्धि पर CM साय ने जताया गर्व

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘Mann Ki Baat’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। निरंजन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संबोधन में उठाए गए विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ महज एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के करोड़ों नागरिकों से सीधा और आत्मीय संवाद का माध्यम है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों, नवाचारों और प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। इससे समाज के अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

Mann Ki Baat 137th Episode

‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और सरकार के साथ-साथ हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने की अपील की।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का किया जिक्र

सीएम साय ने ‘Mann Ki Baat’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रधानमंत्री के उल्लेख पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान 8 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करना देशवासियों के राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अभियान देश में राष्ट्रीय एकता और नागरिकों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

Mann Ki Baat 137th Episode

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं को मिल रहे आर्थिक अवसरों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को इस योजना के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।

सीएम के मुताबिक, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ा रही हैं।

स्वच्छता को आदत बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। स्थायी बदलाव के लिए प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी जिम्मेदारी और दैनिक आदत बनाना होगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Mann Ki Baat 137th Episode

छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का हुआ जिक्र

‘Mann Ki Baat’ में अंतरिक्ष विज्ञान और छात्राओं से जुड़े प्रयासों का उल्लेख होने पर मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत की उपलब्धि पर गर्व जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां आज विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी को समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

महिमा राजपूत के इस मुहिम का हिस्सा बनने को मुख्यमंत्री ने पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

‘Mann Ki Baat’ में छत्तीसगढ़ का कई बार हुआ उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की अलग-अलग कड़ियों में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विशेषताओं का उल्लेख किया है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों का उदाहरण दिया।

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विरासत, नवाचार और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि ‘Mann Ki Baat’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है और नागरिकों को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा तथा राष्ट्रहित के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करती है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा सहित संतजन, जनप्रतिनिधि, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *