कवर्धा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने गुरुवार को बोड़ला जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, व्यवस्थाओं और संचालित कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कार्यालय परिसर में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालय परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि कर्मचारियों के साथ कार्यालय आने वाले आम नागरिकों को भी बेहतर वातावरण मिल सके।
वीबी-जी राम-जी योजना के कार्यों की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वीबी-जी राम-जी योजना के तहत संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद कार्यालय भवन की भी जांच
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जनपद पंचायत कार्यालय भवन का निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भवन में आवश्यक मरम्मत और रखरखाव के कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए।
इसके लिए उन्होंने आरईएस विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्यों का स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भवन की मरम्मत और सुधार का काम समय पर पूरा कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री आशुतोष शर्मा, तहसीलदार श्री हुलेश्वर पटेल, जनपद सीईओ श्री आकाश राजपूत सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
