Kawardha News: शिक्षक दिवस के अवसर पर कवर्धा में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह 2026 में जिले के 108 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक Vijay Sharma मुख्य रूप से शामिल हुए।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र भेंटकर उनका सम्मान किया और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक समाज के अग्रणी और आदरणीय वर्ग- विजय शर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने कहा कि शिक्षक हमारे राष्ट्र निर्माता हैं और समाज में उनका स्थान हमेशा आदरणीय एवं अग्रणी रहा है। शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की जानकारी नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुजनों द्वारा दिए गए ज्ञान और संस्कार का प्रभाव विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक बना रहता है। कक्षा में सीखी गई बातें और शिक्षकों से मिले संस्कार जीवन के अलग-अलग पड़ाव पर मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किया जा रहा उत्कृष्ट कार्य विद्यार्थियों और पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
अपने गुरुजनों को सम्मानित कर भावुक हुए डिप्टी CM

समारोह के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरुजनों जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव और एम.के. गुप्ता का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।
इसके बाद उन्होंने अपने गुरुजनों को प्रणाम किया और चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए यह पल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
विजय शर्मा ने कहा कि गुरु का स्थान व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। गुरुजनों से मिली शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन व्यक्ति के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
कक्षा छठवीं से 12वीं तक यहीं पढ़े विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री जी विद्यालय में कक्षा छठवीं से लेकर बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुरुजनों ने पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी उन्हें बहुत कुछ सिखाया। उस समय गुरुजनों से प्राप्त ज्ञान और संस्कार आज भी उनके जीवन में उपयोगी साबित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बचपन में गुरुजनों के साथ बिताए गए पल आज भी उनके लिए महत्वपूर्ण, प्रेरणादायी और चीरस्मरणीय हैं।
84 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास

समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू की जा चुकी है, जबकि बाकी 34 स्कूलों में भी जल्द ही स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
7,500 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय

विजय शर्मा ने बताया कि छात्राओं की सुविधा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए 7,500 स्कूलों में बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे छात्राओं को विद्यालय में सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और उनके शिक्षा से जुड़े रहने को भी बढ़ावा मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू

उप मुख्यमंत्री ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो गई है।
उन्होंने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही जिले में चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
विजय शर्मा ने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने वाला पहला विद्यार्थी सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल शिक्षा की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।
गुरु-शिष्य परंपरा का दिखा भावुक दृश्य
कवर्धा के इस समारोह में जहां 108 शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मान मिला, वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा अपने पुराने गुरुजनों का सम्मान और चरण स्पर्श करना कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण रहा। समारोह ने यह संदेश भी दिया कि पद और प्रतिष्ठा चाहे कितनी भी बड़ी हो जाए, जीवन में गुरु का स्थान हमेशा सर्वोच्च और सम्माननीय रहता है।
