बिलासपुर। पत्रकारिता, मीडिया उद्यमिता एवं जनसरोकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए UNITED NEWS OF ASIA (UNA) के संस्थापक सौरभ नामदेव को समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बिलासपुर के सरकंडा स्थित नामदेव समाज भवन में आयोजित “संत नामदेव अलंकरण समारोह” में प्रदान किया गया।
अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासंघ, जिला इकाई बिलासपुर एवं श्री नामदेव फाउंडेशन बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में सौरभ नामदेव को उनके कार्यों और उपलब्धियों के लिए सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मोबाइल फोन से शुरू किया मीडिया सफर
सौरभ नामदेव ने कोरोना काल के चुनौतीपूर्ण दौर में एक मोबाइल फोन और अपने अकेले प्रयास से मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा था। उनका यह छोटा सा प्रयास आज UNITED NEWS OF ASIA (UNA) के रूप में व्यापक क्षेत्रीय मीडिया नेटवर्क का रूप ले चुका है। UNA के माध्यम से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की खबरों के साथ-साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य किया जा रहा है।
सौरभ नामदेव की पहचान युवा पत्रकार और मीडिया उद्यमी के साथ-साथ लेखक के रूप में भी बनी है। उन्होंने “मोर मान, मोर कबीरधाम” पुस्तक के माध्यम से कबीरधाम के इतिहास, स्थानीय पहचान और विरासत को शब्दों में संजोने का प्रयास किया है। वर्ष 2026 में उन्हें युवा उद्यमी के रूप में “चाणक्य नेशनल लीडरशिप एक्सीलेंस अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान को बताया नई जिम्मेदारी
समाज गौरव सम्मान प्राप्त करने के बाद सौरभ नामदेव ने इसे अपना व्यक्तिगत सम्मान न बताते हुए नामदेव समाज की युवा प्रतिभाओं, उनके संघर्ष और उद्यमशीलता का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से प्रयास से शुरू हुई उनकी यात्रा समाज और क्षेत्र के लोगों के विश्वास से इस मुकाम तक पहुंची है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करने के साथ उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ाता है।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने सौरभ नामदेव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनकी उपलब्धियों को समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।
