CG News Times

Kabirdham Cyber Awareness: स्मार्टफोन की एक गलत सेटिंग बन सकती है साइबर खतरे की वजह, टाटीकसा में महिलाओं को दी गई डिजिटल सुरक्षा की जानकारी

Kabirdham Cyber Awareness: टाटीकसा में महिलाओं को दी गई डिजिटल सुरक्षा की जानकारी

Kabirdham Cyber Awareness: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच कबीरधाम पुलिस का साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में चारभाटा चौकी अंतर्गत ग्राम टाटीकसा के पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौकी प्रभारी संतोष ठाकुर ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, महिला समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्राओं को स्मार्टफोन के सुरक्षित इस्तेमाल और डिजिटल जानकारी की सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कबीरधाम पुलिस की ओर से यह सात सप्ताह का साइबर जागृति अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध और निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

स्मार्टफोन में मौजूद होती है आपकी निजी जानकारी

कार्यक्रम में पुलिस ने बताया कि आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं है, बल्कि इसमें लोगों की कई महत्वपूर्ण जानकारियां मौजूद रहती हैं। मोबाइल में व्यक्तिगत फोटो और वीडियो से लेकर संपर्क नंबर, बैंकिंग डिटेल, सोशल मीडिया अकाउंट और ई-मेल जैसी संवेदनशील जानकारी होती है।

ऐसे में मोबाइल की प्राइवेसी और सिक्योरिटी सेटिंग्स को नजरअंदाज करना साइबर अपराधियों के लिए खतरा पैदा कर सकता है। पुलिस ने लोगों को समय-समय पर अपने फोन और ऐप्स की सुरक्षा सेटिंग्स जांचने की सलाह दी।

पासवर्ड और OTP किसी से शेयर न करें

महिलाओं और छात्राओं को मजबूत स्क्रीन लॉक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। इसके लिए मजबूत पासवर्ड, PIN या फिंगरप्रिंट लॉक रखने को कहा गया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि अपना पासवर्ड या PIN किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए।

पुलिस ने खास तौर पर समझाया कि OTP, बैंक अकाउंट की जानकारी, ATM PIN, UPI PIN और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को बिल्कुल न दें। किसी भी व्यक्ति के दबाव या लालच में आकर ऐसी जानकारी साझा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।

हर ऐप को परमिशन देना पड़ सकता है भारी

जागरूकता कार्यक्रम में ऐप परमिशन को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी ऐप को कैमरा, माइक्रोफोन, लोकेशन या कॉन्टैक्ट जैसी निजी जानकारियों की अनावश्यक अनुमति देने से बचना चाहिए।

लोगों को समय-समय पर अपने मोबाइल में मौजूद ऐप्स की परमिशन और प्राइवेसी सेटिंग्स चेक करने की सलाह दी गई। जरूरत नहीं होने पर अनावश्यक परमिशन बंद करने के लिए भी कहा गया।

सोशल मीडिया पर भी बरतें सावधानी

सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर पुलिस ने अकाउंट को प्राइवेट रखने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने की सलाह दी। इसके अलावा अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने और निजी फोटो, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी को सार्वजनिक रूप से शेयर करने से बचने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने कहा कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर बुलिंग, अश्लील या आपत्तिजनक संदेश और निजी फोटो के दुरुपयोग जैसे मामलों में चुप रहने की जरूरत नहीं है।

संदिग्ध लिंक और अनजान ऐप से रहें दूर

सुरक्षित ब्राउज़िंग को लेकर भी महिलाओ और छात्राओं को जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि इंटरनेट इस्तेमाल करते समय केवल विश्वसनीय वेबसाइट और सुरक्षित ऐप का ही इस्तेमाल करें।

किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए लिंक, संदिग्ध विज्ञापन या फर्जी वेबसाइट पर क्लिक करने से बचना चाहिए। एप्लीकेशन को केवल आधिकारिक और भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करने की सलाह दी गई। पुलिस ने विशेष रूप से अनजान स्रोतों से APK फाइल डाउनलोड नहीं करने को कहा।

ऑनलाइन परेशान करने पर तुरंत शिकायत करें

पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से कहा कि अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या किसी अन्य ऑनलाइन माध्यम से परेशान करता है, धमकी देता है, ब्लैकमेल करता है या उनकी फोटो और निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल करता है तो घबराने की जरूरत नहीं है।

ऐसे मामलों में तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से करने की सलाह दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि समय रहते शिकायत करने से साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिलती है।

साइबर ठगी हो तो तुरंत 1930 पर करें कॉलl

कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की कि अगर किसी के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही संबंधित थाना या साइबर पुलिस को भी घटना की जानकारी दें।

पुलिस ने कहा कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी सावधानी बड़ी परेशानी से बचा सकती है। साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहना और अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखना सबसे जरूरी है

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

जागरूकता कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल आकाश राजपूत, कांस्टेबल श्रीराम राजपूत और कांस्टेबल टेकराम मौजूद रहे। इसके अलावा पंच कुंती नेताम, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जमुना मंडावी, जलेश्री, सुशीला, सावित्री, नीरा बाई, साधना, संतोषी, सौहद्रा, मीना साहू सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *