CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: पंडरिया में तीज मिलन का भव्य आयोजन, जुटीं हजारों महिलाएं

कबीरधाम। जिले के पंडरिया में तीजा पर्व के अवसर पर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने लोकगीत, पारंपरिक साज-सज्जा, तीज की मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान तीज क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विजेता और उपविजेता को विधायक भावना बोहरा ने सम्मानित किया।

तीज मिलन में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक

समारोह में महिलाओं के बीच पारंपरिक उत्साह और उमंग देखने को मिली। तीज के रंग में सजे आयोजन में माताओं-बहनों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। विधायक भावना बोहरा ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि तीज हमारी संस्कृति की ऐसी परंपरा है, जिसमें आस्था, पारिवारिक मूल्य, प्रेम और नारी शक्ति का संगम दिखाई देता है। यह पर्व महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देता है।

महिला सशक्तिकरण पर बोलीं भावना बोहरा

 

विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज केवल परंपराओं की संवाहक नहीं हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती-किसानी से लेकर शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक कार्यों तक महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से कई प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।

भावना बोहरा ने कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि पंडरिया की नारी शक्ति की ऊर्जा और सहभागिता क्षेत्र की बड़ी ताकत है। महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के अवसर देने के प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताएं-बहनें मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *