कबीरधाम। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में चाचा की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने करीब दो साल पहले मामूली विवाद के बाद अपने चाचा पर लकड़ी के डंडे से हमला किया था। गंभीर चोटों के चलते करीब 15 दिन बाद घायल की मौत हो गई थी। इसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई थी।
मामला ग्राम बैगापारा पोलमी का है। पुलिस के अनुसार, 2 दिसंबर 2024 को फूलसिंह बैगा का अपने चाचा सुकलाल बैगा (55) से किसी सामान्य बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान फूलसिंह ने गाली-गलौज और धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से सुकलाल के साथ मारपीट की। हमले में सुकलाल को गंभीर चोटें आई थीं।
इलाज के दौरान हुई सुकलाल की मौत
घटना के बाद 3 दिसंबर 2024 को कुकदूर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट सामने आने के बाद प्रकरण में धारा 117(2) BNS भी जोड़ी गई।
इलाज के दौरान 17 दिसंबर 2024 की रात सुकलाल बैगा की मौत हो गई। इसके बाद 18 दिसंबर को पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा सिर पर डंडे से किए गए हमले के कारण आई गंभीर चोटों के चलते सुकलाल की मौत हुई थी। इसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) BNS जोड़ी गई।
चाचा की मौत के बाद फरार हो गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, चाचा की मौत की जानकारी मिलने के बाद फूलसिंह बैगा फरार हो गया था। वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कुकदूर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि फूलसिंह बैगा तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले के बोंथापल्ली क्षेत्र में छिपा हुआ है।
तेलंगाना पहुंची पुलिस टीम, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद कुकदूर पुलिस की टीम तत्काल तेलंगाना रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को थाना गुम्माडीडाला क्षेत्र, जिला सांगारेड्डी से पकड़ लिया गया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए जेएमएफसी न्यायालय पंडरिया में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
