CG News Times

Pandariya में विधायक भावना बोहरा ने रखी सरदार पटेल की प्रतिमा की नींव, 14,853 किसानों को बांटी शक्कर

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में कृषि और सहकारिता से जुड़े कार्यक्रम के तहत विधायक भावना बोहरा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान 229 गांवों के 14,853 शेयरधारक किसानों को रियायती दर पर 50 किलो शक्कर का वितरण किया गया। वहीं 2,946 नए किसान सदस्यों को शेयर और प्रमाण पत्र भी दिए गए।

कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि गन्ना किसान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिले, इसके लिए सहकारी शक्कर कारखाने को मजबूत करने और अधिक से अधिक किसानों को सहकारिता से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंडरिया के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाने में किसानों को 40 करोड़ रुपए से अधिक की एफआरपी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान 15 जुलाई तक कर दिया गया। उनके मुताबिक, पिछले पांच वर्षों की तुलना में यह सबसे तेज भुगतान है।

 

भावना बोहरा ने कहा कि गन्ना किसानों को प्रोत्साहित करने के साथ कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को समय पर भुगतान और सहकारिता से जोड़ने को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में किसान संघ के उपाध्यक्ष दिनेश चन्द्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी साहू, जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी घृतलहरे, मंडल अध्यक्ष रविश ठाकुर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, शक्कर कारखाना के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *