कबीरधाम। साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर कबीरधाम पुलिस लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नागरिकों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए गए।
15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सात सप्ताह के अभियान के तीसरे सप्ताह में ‘डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल से बचाव’ को विशेष रूप से अभियान का हिस्सा बनाया गया है।

पंचायत भवन समेत कई स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
2 सितंबर को थाना झलमला पुलिस ने पंचायत भवन में कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं चौकी पोड़ी पुलिस ने ग्राम मानिकपुरी, सूरजपुर और रामहेपुर खुर्द में, थाना कुंडा पुलिस ने क्षेत्र के बाजार में तथा चौकी बैजलपुर पुलिस ने ग्राम सिंघारी में नागरिकों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और यातायात नियमों की जानकारी दी।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सतर्क

पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी, आरबीआई या अन्य सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल पर पूछताछ या जांच के नाम पर पैसे की मांग की जाती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। ऐसे कॉल आने पर घबराएं नहीं और किसी भी दबाव में पैसे ट्रांसफर न करें। साथ ही OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की अपील की गई।
पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करने और फर्जी वीडियो कॉल से सावधान रहने की भी समझाइश दी।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
जागरूकता कार्यक्रमों में युवाओं और ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की।
यातायात नियमों की भी दी जानकारी
पुलिस टीमों ने नागरिकों और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के बारे में भी जागरूक किया। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा का पालन और मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।
इसके अलावा शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, यातायात सिग्नल का पालन करने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की गई। दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने की सलाह दी गई।
छात्रों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल करियर की जानकारी
छात्र-छात्राओं को इंटरनेट और डिजिटल तकनीक का सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीके बताए गए। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने तथा साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर सुरक्षा और डिजिटल क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में भी बताया गया।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को होल्ड कराने की संभावना बढ़ सकती है।
कबीरधाम पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम, नशामुक्त समाज के निर्माण और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
कबीरधाम पुलिस की अपील:
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध से बचें, नशे से दूर रहें और यातायात नियमों का पालन कर अपना एवं दूसरों का जीवन सुरक्षित रखें।”
