CG Bear Attack: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जंगल क्षेत्र से एक डराने वाली घटना सामने आई है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज में दो युवकों पर अचानक चार भालुओं ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों युवकों में अरा-तफरी मच गई।
एक युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरे युवक को भालुओं के हमले में गंभीर चोटें आईं।
जंगल की ओर जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक अरसीकन्हार रेंज के तुमडीबहार इलाके में जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चार भालू उनके सामने आ गए और दोनों पर हमला कर दिया।
हमले के बाद एक युवक वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाने में सफल रहा। वहीं दूसरा युवक भालुओं के बीच घिर गया।
युवक ने शोर मचाकर बचाई जान
चारों भालुओं ने युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान युवक ने हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से शोर मचाते हुए मदद के लिए चीख-पुकार की। युवक की आवाज सुनकर भालू वहां से जंगल की ओर भाग गए।
इससे युवक की जान बच सकी, हालांकि वह हमले में घायल हो गया।
घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जंगल क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। खासकर जंगल की ओर जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
