कबीरधाम। सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बैगा बाहुल्य क्षेत्र बोड़ला के मंगल भवन में जिला स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पहली बार बोड़ला में हुए इस कार्यक्रम में 60 से अधिक बैगा वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। सांसद संतोष पाण्डेय ने वरिष्ठ नागरिकों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और वॉकिंग स्टिक वितरित की।

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद संतोष पाण्डेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके की। इस दौरान नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, उपाध्यक्ष लव कुमार निर्मलकर, सांसद प्रतिनिधि नरेश चंद्रवंशी, जनपद सदस्य यशवंत सिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुकलाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बीपी, शुगर, आंखों और दांतों की जांच की गई। वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, वयोवंदन कार्ड के साथ टीबी, कुष्ठ रोग और मलेरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक पाटले, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मंथन पाण्डेय, सुश्री आकांक्षा लिखार, श्री अमित पटेल और श्री भूपेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी अधिकार बताए
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कबीरधाम के विधिक सलाहकार सालिकराम बांधवे ने वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, संरक्षण और भरण-पोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया।
उपसंचालक समाज कल्याण अभिलाषा पण्डा ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं के बारे में भी बताया।
सांसद ने शॉल-श्रीफल से किया सम्मान
सांसद संतोष पाण्डेय ने वरिष्ठ नागरिकों के महत्व पर बात रखते हुए उपस्थित बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा वॉकिंग स्टिक वितरित की।
कार्यक्रम के अंत में उपसंचालक समाज कल्याण अभिलाषा पण्डा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत बोड़ला के सीईओ योगेश वर्मा, बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत, नगर पंचायत बोड़ला के सीएमओ प्रणव प्रवेश प्रधान, नायब तहसीलदार अर्जुन साव, अधीक्षक देवकुमार कौशिक सहित समाज कल्याण विभाग और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
