CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: कबड्डी मैदान में पहुंचे SP, ग्रामीणों से सीधा संवाद; साइबर ठगी और नशे से बचने की दी समझाइश

कबीरधाम।  वनांचल ग्राम खारा में कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद का आयोजन किया गया। ग्रामवासियों के आमंत्रण पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव खुद प्रतियोगिता में पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और पुलिस अधिकारियों के साथ स्थानीय मुद्दों पर बातचीत की।

कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान एसपी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने युवाओं को नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों से जुड़ने की अपील की।

इसके बाद पुलिस जन चौपाल में एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे सुने। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी पुलिस को बेझिझक दें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

साइबर ठगी से बचने की दी समझाइश

एसपी ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए। उन्होंने OTP, UPI PIN, ATM और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचने की समझाइश दी।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है।

यातायात नियमों को लेकर भी जागरूक किया

ग्रामीणों और युवाओं को हेलमेट व सीट बेल्ट के इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा का पालन और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम में SDOP प्रशांत देवांगन, रेंगाखार जंगल थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद साहू सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक, ऐसे कार्यक्रमों के जरिए वनांचल क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *