CG News Times

Sakti Crime News: नाबालिग जोड़े ने चोरी-छिपे रचाई थी शादी, 3 महीने की बच्ची हुई बीमार तो खौफनाक कदम उठाकर उतारा मौत के घाट

Sakti Crime News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पानी से भरे ड्रम में 3 महीने की एक मासूम बच्ची का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि मासूम के माता-पिता ने ही उसकी हत्या की थी। आरोपी नाबालिग कपल ने बच्ची के लगातार बीमार रहने और तंगी के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।

कैसे रची गई साजिश?

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 सितंबर की रात की है। जब परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे, तब रात करीब 2 बजे बच्ची के पिता ने परिजनों को बताया कि तीन महीने की मासूम बिस्तर से गायब है। इसके बाद घर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई।

अगली सुबह करीब 7:30 बजे जब बच्ची की दादी आंगन में पानी लेने गईं, तो उन्होंने देखा कि पानी से भरे ड्रम के अंदर मासूम का शव पड़ा हुआ है। इस खुलासे के बाद घर में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के सामने मिनटों में खुली पोल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जब गहराई से छानबीन शुरू की, तो परत-दर-परत सच सामने आने लगा। पुलिस की पूछताछ में यह साफ हो गया कि बच्ची की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके माता-पिता ने ही की थी। पूछताछ के दौरान कुछ ही मिनटों में आरोपियों की पोल खुल गई।

शुरुआती जांच में पता चला है कि इस नाबालिग जोड़े ने कुछ समय पहले चोरी-छिपे शादी की थी। बच्ची के लगातार बीमार रहने और आर्थिक तंगी के कारण उपजे तनाव में उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *