कवर्धा, 5 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों, बिहान की दीदियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वालों को सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित भाषण और रंगोली प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र दिए गए। राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा जिले के स्व-सहायता समूहों को 17 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक क्रेडिट लिंकेज राशि उपलब्ध कराने में योगदान देने वाली बिहान की दीदियों और बैंकर्स का सम्मान किया गया।
भावना बोहरा बोलीं- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता हासिल करने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य तक पहुंचने के लिए निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और धैर्य जरूरी है। उन्होंने युवाओं से सफल लोगों के संघर्ष से प्रेरणा लेने की अपील की।
कार्यक्रम में चित्रकला, भाषण और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
