पंडरिया। विजयादशमी के अवसर पर माँ महामाया दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति और नगरवासियों को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। इस दौरान छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता महिमा दास और गायक नवीन साहू ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नगर एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि विजयादशमी सत्य, धर्म, सदाचार और मर्यादा की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। यह पर्व हमें अहंकार का त्याग कर अपने भीतर की बुराइयों को दूर करने तथा समाज में प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने आचरण का मूल्यांकन करने और समाज के प्रति दायित्वों को समझने का अवसर भी है।
पंडरिया के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास जारी

भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनके लिए जनसेवा का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने, सड़कों का विस्तार करने और क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में सुशासन, जनहित और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
निःशुल्क सेवाओं से शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा
विधायक ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनसेवा पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल रही है। लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है, वहीं भावना दीदी की साइंस पाठशाला के माध्यम से शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी ड्रोन, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आठ निःशुल्क एंबुलेंस के माध्यम से जरूरतमंदों को आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के जरिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी दी जा रही है। भावना बोहरा ने कहा कि ये सभी सेवाएं जनता के विश्वास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं और क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
