Chhattisgarh Journalist News: दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के लिए एक बेहद सुखद और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने मीडियाकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य और दुर्घटना सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके तहत ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना–2026’ का नया प्रारूप तैयार किया गया है, जिसे लेकर सरकार ने मीडिया जगत से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
1 से 30 नवंबर तक ईमेल के जरिए भेज सकेंगे अपने सुझाव
राज्य सरकार ने इस योजना के प्रारूप को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बनाने के लिए मीडियाकर्मियों से एक महीने के भीतर अपने बहुमूल्य सुझाव मांगे हैं। पत्रकार और मीडिया से जुड़े लोग 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक अपने सुझाव आधिकारिक ईमेल पते पर भेज सकते हैं।
शासन ने सभी संबंधित लोगों से अपील की है कि वे इस योजना के प्रारूप का गहराई से अध्ययन करें और इसे और अधिक बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा करें।
जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
तैयार किए गए इस नए बीमा योजना का पूरा प्रारूप छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। मीडियाकर्मी इस वेबसाइट पर जाकर योजना के सभी प्रावधानों को देख सकते हैं और अपने सुझाव नीचे दिए गए ईमेल पर भेज सकते हैं:
सुझाव भेजने का ईमेल: chhattisgarhmediakarmi@gmail.com
जोखिम भरी पत्रकारिता के बीच आर्थिक सुरक्षा की पहल
गौरतलब है कि पत्रकारिता का क्षेत्र बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा माना जाता है। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को अक्सर अलग-अलग जगहों की यात्राएं करनी पड़ती हैं। कई बार प्राकृतिक आपदाओं, सड़क हादसों, आपातकालीन स्थितियों या अन्य जोखिम भरे माहौल में काम करने के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं या दुर्घटनाएं होने पर मीडियाकर्मियों और उनके परिवारों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह बीमा सुरक्षा योजना तैयार की है।
