CG News Times

Kawardha News: बंद LIC पॉलिसी के पैसे दिलाने का झांसा देकर 69.37 लाख की ठगी, दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार; पीड़ित ने SP से मिलकर जताया आभार

Kawardha News: ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की चपत लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कबीरधाम जिले से सामने आया है, जहां बंद पड़ी LIC पॉलिसी की राशि वापस दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 69.37 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई।

इस मामले में कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से आरोपी मोहम्मद जैद खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से प्रभावित होकर प्रकरण के प्रार्थी आशुतोष चंद्रवंशी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर SP जितेंद्र कुमार यादव से मुलाकात की और पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।

बंद LIC पॉलिसी के पैसे वापस दिलाने का दिया था झांसा

मामले में ठगों ने बंद पड़ी LIC पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का भरोसा दिलाकर पीड़ित को अपने झांसे में लिया। इसके बाद अलग-अलग तरीके से उससे कुल 69.37 लाख रुपये की ठगी की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस की साइबर टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान बैंक खातों में हुए लेन-देन का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साथ ही बैंकिंग साक्ष्यों और आधुनिक साइबर तकनीक की मदद से ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया गया।

दिल्ली-NCR में मिली लोकेशन, 5 दिनों तक आरोपी की तलाश

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन दिल्ली-NCR क्षेत्र में मिली। इसके बाद कबीरधाम पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई।

वहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने सघन आबादी वाले इलाके में आरोपी के हुलिए और तकनीकी इनपुट के आधार पर लगातार 5 दिनों तक पतासाजी की।

आखिरकार पुलिस के लगातार प्रयासों और सुनियोजित कार्रवाई के बाद आरोपी मोहम्मद जैद खान को पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

सहयोगी के साथ मिलकर की थी साइबर ठगी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद जैद खान ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल इस मामले में विवेचना जारी है। पुलिस ठगी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पीड़ित ने SP जितेंद्र कुमार यादव से मिलकर जताया आभार

आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई से प्रभावित होकर प्रार्थी आशुतोष चंद्रवंशी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव से मुलाकात की और मामले में की गई प्रभावी कार्रवाई के लिए कबीरधाम पुलिस की पूरी टीम का आभार जताया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला और साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *