CG News Times

50-70 KM दौड़कर भोरमदेव पहुंचे डाक बम, सावन के आखिरी सोमवार पर दिखी अद्भुत आस्था

कवर्धा, छत्तीसगढ़। सावन के आखिरी सोमवार पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में आस्था और शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए दाढ़ी, पेंड्रा और नागपुरा से करीब 20-25 युवा डाक बम के रूप में 50 से 70 किलोमीटर की दूरी लगातार दौड़ते हुए मंदिर पहुंचे।

हाथों में जल लेकर युवाओं ने एक-दूसरे को डाक बम सौंपते हुए बिना रुके अपनी यात्रा जारी रखी। रास्तेभर ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच उनकी दौड़ जारी रही। लंबी दूरी, उमस और थकान के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ।

भोरमदेव मंदिर पहुंचने के बाद भी डाक बमों ने अपनी रफ्तार नहीं रोकी। मंदिर परिसर में प्रवेश करने के बाद वे भगवान शिव पर जल चढ़ाने तक दौड़ते रहे। जलाभिषेक पूरा होते ही उनकी दौड़ थमी। इसके बाद उनके चेहरों पर थकान के साथ महादेव के दर्शन और जलाभिषेक पूरा होने की खुशी साफ दिखाई दी।

डाक बम श्रद्धालुओं की यह यात्रा केवल 50-70 किलोमीटर की दौड़ नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, श्रद्धा और समर्पण की मिसाल बन गई। सावन के अंतिम सोमवार पर भोरमदेव में उमड़ी शिवभक्ति ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *