CG News Times

Kawardha Farmer Protest: कवर्धा में किसानों का हुंकार, 11 मांगों के साथ ट्रैक्टर रैली ने खींचा ध्यान

Kawardha Farmer Protest: जिलेभर के किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और 11 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले ‘बलराम किसान न्याय यात्रा’ के तहत एक विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली। कवर्धा के अलग-अलग पहुंच मार्गों पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए किसानों ने शासन के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि समय रहते सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन किया जाएगा।

गन्ने के बोनस और कृषि योजनाओं की मांग

प्रदर्शन के दौरान किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देना शामिल रहा। इसके अलावा, किसानों ने गन्ना और बागवानी फसलों को ‘कृषक उन्नति योजना’ में शामिल कर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ वार्षिक आदान सहायता देने की मांग भी उठाई।

धान का समर्थन मूल्य और चौथी किश्त का मुद्दा

पिछले तीन वर्षों में हुई वृद्धि को जोड़कर धान का भुगतान करने और लंबित चौथी किश्त का जल्द भुगतान करने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। किसानों का कहना है कि धान सहित अन्य फसलों से जुड़े भुगतान और योजनाओं का लाभ समय पर मिलना बेहद जरूरी है।

चीनी कारखानों की क्षमता और बीमा पर जोर

किसानों ने जिले के दोनों चीनी कारखानों की क्षमता बढ़ाने की मांग के साथ-साथ समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए ‘रिवॉल्विंग फंड’ बनाने और गन्ने को फसल बीमा योजना में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। किसानों का मानना है कि भुगतान में देरी से खेती की अगली तैयारी प्रभावित होती है।

सिंचाई और गोवंश पुनर्वास से जुड़े मुद्दे

सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को लेकर सुतियापाठ, पिलारी और घोघरा नहरों के विस्तार, नेवारी व्यपवर्तन का खपरी तक विस्तार और करिया आमा बांध के निर्माण की मांग रखी गई। इसके साथ ही, खुले में घूमने वाले गोवंश से फसलों के बचाव के लिए उनके पुनर्वास और समितियों में 40.700 किलो धान की तौल को पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *