Kawardha News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पिपरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान की तलाशी के दौरान 250 ग्राम गांजा और बिक्री की नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने ही घर से गांजे की बिक्री कर रहा था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात थाना पिपरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिपरिया निवासी रज्जू जायसवाल अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है।
सूचना की तस्दीक करने और वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी के मकान की विधिवत तलाशी ली गई।
पीले बैग में मिला 250 ग्राम गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को एक पीले रंग के बैग में पॉलीथीन के अंदर रखा 250 ग्राम गांजा मिला। इसके साथ ही गांजे की बिक्री से प्राप्त 350 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने गांजा और नकदी सहित कुल 12,850 रुपये कीमत की सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 45 वर्षीय आरोपी रज्जू जायसवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 03, पिपरिया को पकड़ा गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 348/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे 31 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।
एसपी के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल का मार्गदर्शन रहा। वहीं, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन तथा थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
