Chhattisgarh Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक खिताबी मुकाबले में मैनपाट की टीम शुरू से ही आक्रामक अंदाज में नजर आई। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
मैच की शुरुआत से ही मैनपाट टाइटंस ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। शानदार तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर टीम ने चार गोल दागे, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीम दो गोल ही कर सकी।
पहले क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने बनाई बढ़त
फाइनल मुकाबले के पहले क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस के आनंद लाकड़ा ने पेनल्टी के जरिए गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जल्द ही वापसी की। टीम के अभिषेक यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाया। इस दौरान प्रह्लाद ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर
तीसरे क्वार्टर में मुकाबला और रोमांचक हो गया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से सरिख अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर बराबर करने की कोशिश की। वहीं, मैनपाट टाइटंस की ओर से संदीप ठाकुर ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को आगे बनाए रखा।
आखिरी क्वार्टर में मोहित नायक का चला जादू
मुकाबले के चौथे और निर्णायक क्वार्टर में मोहित नायक ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार दो फील्ड गोल दागकर मैनपाट टाइटंस की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी।
मोहित के इन दो गोलों के दम पर मैनपाट टाइटंस ने 4-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की ट्रॉफी जीत ली।
दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ पुरस्कार वितरण समारोह
Chhattisgarh Hockey League फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह में कई दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अलावा लीग के ब्रांड एंबेसडर और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह भी फाइनल मुकाबले के दौरान मौजूद रहे।
मैनपाट टाइटंस की इस जीत ने छत्तीसगढ़ में हॉकी के बढ़ते रोमांच और स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को एक बार फिर सामने ला दिया। फाइनल में टीम के शानदार प्रदर्शन ने उसे लीग का नया चैंपियन बना दिया।
