कबीरधाम। साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों, बैंकों और ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 1000 विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान थाना कुण्डा क्षेत्र के प्रेरणा विद्या पीठ हायर सेकेंडरी स्कूल अखरा, थाना पांडातराई क्षेत्र के भोरमदेव पब्लिक स्कूल एवं एंबीशन पब्लिक स्कूल तथा थाना कुकदूर क्षेत्र के ग्राम कुई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा दामापुर बाजार, थाना रेंगाखार क्षेत्र के 29 गांवों से आए सेवा भारती के एकल शिक्षकों तथा SBI, Union Bank, Axis Bank और Bank of India में भी साइबर सुरक्षा को लेकर जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, बैंक ग्राहकों और ग्रामीणों को OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी दी। लोगों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक एवं UPI से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक, कॉल या मोबाइल ऐप से सावधान रहें।

अभियान के दौरान सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने और मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह भी दी गई। थाना पांडातराई क्षेत्र में विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक किया गया। वहीं थाना साहसपुर लोहारा पुलिस ने एम.व्ही. एक्ट के तहत कार्रवाई के दौरान लोगों से “साइबर क्राइम से मुक्त हूं” अभियान का QR कोड स्कैन कराकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश दिया।

पुलिस ने बताया कि साइबर फ्रॉड होने पर बिना देरी किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।

साइबर जागृति अभियान के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों ने साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। कबीरधाम पुलिस द्वारा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए यह अभियान लगातार जारी है।
