कबीरधाम। जिले में पुलिसिंग को अधिक जनसुलभ, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) ने अभिनव पहल ‘एक थाना–एक सप्ताह’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत हर सप्ताह जिले के एक थाना को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के रूप में संचालित किया जाएगा।
इस पहल की शुरुआत थाना सहसपुर लोहारा से की गई। निर्धारित दिन पुलिस अधीक्षक स्वयं थाने में मौजूद रहेंगे और क्षेत्र के आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे। शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
थाना स्तर पर होगी कानून-व्यवस्था की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक संबंधित थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों, वारंटियों की तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, नशे और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी जाएंगी
‘एक थाना–एक सप्ताह’ के दौरान थाना में पदस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से भी संवाद कर उनकी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कर्मियों का बेहतर मनोबल और सकारात्मक कार्य वातावरण प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार है।
अगले सप्ताह कुंडा थाना बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय
पुलिस अधीक्षक ने सहसपुर लोहारा में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पुलिसिंग से जुड़े विषयों की समीक्षा की। आगामी सप्ताह थाना कुंडा में पुलिस अधीक्षक स्वयं मौजूद रहेंगे।
कबीरधाम पुलिस की इस पहल का उद्देश्य ‘पुलिस जनता के बीच और जनता पुलिस के करीब’ की भावना को मजबूत करना है। इससे नागरिकों को जिला मुख्यालय आए बिना अपने क्षेत्र में ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
