CG News Times

स्कूल के पास खेत में लगा था झटका तार, निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लिया संज्ञान; किसान को नोटिस के निर्देश

कवर्धा, 07 सितंबर 2026। सहसपुर लोहारा क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं गिरदावरी कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी किसान का डिजिटल क्रॉप सर्वे नहीं छूटना चाहिए, ताकि फसलों से संबंधित जानकारी सही तरीके से दर्ज हो सके और किसानों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे और गिरदावरी कार्य की स्थिति का जायजा लिया। इसी दौरान एक स्कूल के समीप स्थित खेत में झटका तार लगाए जाने की जानकारी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित किसान को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर सख्त

कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय के आसपास ऐसी कोई व्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों के लिए किसी तरह का खतरा पैदा हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राजस्व अमले को डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं गिरदावरी का कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी से करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान सामने आने वाले अन्य महत्वपूर्ण मामलों को भी नजरअंदाज न किया जाए और आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

हर किसान की फसल की जानकारी दर्ज करने पर जोर

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे के माध्यम से किसानों की फसल संबंधी जानकारी का सही डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होना जरूरी है, ताकि भविष्य में शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ देने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल और एसडीएम श्रीमती शिल्पा देवांगन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *