CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: पिपरिया थाना बना SP ऑफिस, गांवों से पहुंचे लोग; जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर कार्रवाई के निर्देश

कबीरधाम। जिले में पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद बढ़ाने के लिए शुरू की गई “एक थाना–एक सप्ताह” पहल के तहत 17 सितंबर को थाना पिपरिया को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के रूप में संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव खुद पिपरिया थाना पहुंचे और अलग-अलग गांवों से आए जनप्रतिनिधियों, फरियादियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों से बातचीत की।

जनसुनवाई के दौरान लोगों ने स्थानीय समस्याओं और पुलिसिंग से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। जुआ-सट्टा और अवैध शराब से संबंधित शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग पर भी जोर दिया गया।

गांवों के लोगों से लिया स्थानीय समस्याओं का फीडबैक

पुलिस अधीक्षक ने अलग-अलग ग्रामों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं का फीडबैक लिया। महिलाओं, पुरुषों और छात्र-छात्राओं से भी बातचीत कर उनकी जरूरतों और सुझावों को सुना।

उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं को समझने और उनका प्रभावी निराकरण करने के लिए पुलिस और जनता के बीच लगातार संवाद जरूरी है। आमजन के सहयोग से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

पिपरिया थाना की पुलिसिंग की समीक्षा

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना पिपरिया की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा की। थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

थाने में पदस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से भी उन्होंने सीधे बातचीत की और उनकी विभागीय समस्याओं व काम से जुड़ी जरूरतों की जानकारी ली। समयबद्ध तरीके से समस्याओं के निराकरण और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।

तीसरे थाना क्षेत्र तक पहुंची पहल

“एक थाना–एक सप्ताह” पहल के तहत थाना पिपरिया तीसरा थाना है, जहां पुलिस अधीक्षक ने एक दिन के लिए अपना कार्यालय संचालित किया। इससे पहले थाना सहसपुर लोहारा और थाना कुण्डा में यह पहल की जा चुकी है।

इस पहल के तहत हर सप्ताह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक पहुंचेंगे। अगले सप्ताह थाना पंडरिया में यह पहल संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनना, स्थानीय शिकायतों पर कार्रवाई करना और थाना स्तर की पुलिसिंग की समीक्षा करना है।

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव सर का बाइट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *