CG News Times

कबीरधाम में 100 गुम मोबाइल बरामद: CEIR पोर्टल से 25 लाख के फोन खोजे, असली मालिकों को लौटाए

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में साइबर पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में 100 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए हैं। CEIR पोर्टल और तकनीकी जांच की मदद से बरामद इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के सत्यापन के बाद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों और वारिसानों को सौंप दिए। लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया।

CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर कराए गए थे ब्लॉक

मोबाइल फोन गुम होने के बाद संबंधित लोगों की शिकायत और उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनके IMEI नंबर CEIR पोर्टल पर दर्ज कर ब्लॉक कराए गए थे। साइबर पुलिस टीम ने पोर्टल से मिलने वाली तकनीकी जानकारी और मोबाइल के दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय होने की स्थिति का लगातार विश्लेषण किया।

जब गुम मोबाइल में दूसरी सिम लगाई गई या वह दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय हुआ, तो उससे संबंधित तकनीकी जानकारी के आधार पर मोबाइल नंबर और उसका इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पतासाजी की गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए 100 मोबाइल फोन बरामद किए।

IMEI और सिम की जानकारी से हुआ सत्यापन

साइबर पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन या वर्तमान उपयोगकर्ता की जानकारी तक ही जांच सीमित नहीं रखी। टीम ने मोबाइल के IMEI नंबर, सिम कार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया।

सत्यापन पूरा होने के बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों और वारिसानों से मिलान कर विधिवत सौंप दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों में खुशी देखने को मिली।

तकनीकी जांच से मिली सफलता

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई। पर्यवेक्षण अधिकारी साइबर थाना उप पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार कौशिक और उप पुलिस अधीक्षक प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में साइबर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर मोबाइल की पतासाजी की।

साइबर पुलिस टीम का नेतृत्व निरीक्षक उमाशंकर राठौर ने किया। मोबाइल की पतासाजी और बरामदगी में सउनि चंद्रकांत तिवारी, आरक्षक आकाश राजपूत, मनीष कुमार, अजय यादव, उपेन्द्र ठाकुर, शिवम् मण्डावी और अन्य स्टाफ का योगदान रहा।

क्या है CEIR पोर्टल?

CEIR यानी Central Equipment Identity Register भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित व्यवस्था है। इसके जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर को ब्लॉक कराया जा सकता है। मोबाइल के दोबारा किसी नेटवर्क पर इस्तेमाल होने की स्थिति में उसकी पहचान करने में भी यह व्यवस्था मदद करती है।

मोबाइल गुम होने पर पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें। मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें और CEIR पोर्टल के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने की कार्रवाई करें।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को जरूर देने की अपील भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *