CG News Times

नैला दुर्गोत्सव के लिए रेलवे की खास तैयारी, बिलासपुर-चांपा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में नैला दुर्गोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। नवरात्रि के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 16 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक बिलासपुर और चांपा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस दौरान प्रतिदिन तीन फेरे लगाए जाएंगे।

विशेष ट्रेन बिलासपुर से शाम 4 बजे, शाम 7 बजे और रात 9 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी। वहीं, चांपा से वापसी के लिए ट्रेन शाम 5 बजकर 20 मिनट, रात 8 बजकर 25 मिनट और रात 11 बजकर 10 मिनट पर चलेगी।

इसके अलावा जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त मेमू रेक भी तैयार रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस रेक से तत्काल ट्रेन रवाना की जा सकेगी। नैला दुर्गोत्सव में छत्तीसगढ़ समेत देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रेलवे की इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।

त्योहारों के सीजन में महीनों पहले बुक हो जाते हैं टिकट

नवरात्रि के साथ ही त्योहारों का सीजन शुरू हो जाता है। दशहरा, करवाचौथ, धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पूजा पर लोग अपने घरों की ओर लौटने लगते हैं। खासकर दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों और बसों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। कई महीनों पहले ही टिकट बुक हो जाते हैं।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे और बस परिवहन निगम अतिरिक्त ट्रेनों और बसों की व्यवस्था करते हैं, ताकि लोग समय पर अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

रेलवे और बस स्टेशनों पर चोरों से रहें सावधान

त्योहारों के दौरान रेलवे और बस स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने के साथ चोरी करने वाले गिरोह भी सक्रिय हो जाते हैं। यात्रियों को ऐसी घटनाओं से बचाने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।

बीते दिनों उज्जैन में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पार्सलों में सेंधमारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया था। गिरोह के सदस्य रेलवे के मेंटेनेंस कर्मचारियों जैसी ड्रेस पहनते थे और मौका मिलते ही इलेक्ट्रिक कटर से ट्रेन के कोच की बाहरी परत काटकर अंदर रखे पार्सल निकाल लेते थे। वारदात के बाद आरोपी रास्ते में ही ट्रेन से उतरकर फरार हो जाते थे।

इस मामले में आरपीएफ ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। त्योहारों के दौरान यात्रियों को अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *