CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: सहसपुर लोहारा में 48 लाख के नए SDM कार्यालय का लोकार्पण

कबीरधाम, 14 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा में 48 लाख रुपए की लागत से बने नए एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और नागरिकों को शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जनता के काम समय पर हों, प्रशासन में पारदर्शिता जरूरी

लोकार्पण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे खुद को जनता का सेवक मानकर काम करें। कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनके काम समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामले सीधे आम लोगों से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके निराकरण में समयबद्धता और पारदर्शिता जरूरी है।

उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मंदिर विकास और सड़क निर्माण के कार्यों की जानकारी दी

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम सूतियापाठ स्थित मां हिंगलाज माता मंदिर के जीर्णोद्धार और ग्राम मोतिमपुर से मंदिर तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 47 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कवर्धा में बिलासपुर रोड और रायपुर रोड से शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा माता विंध्यवासिनी मंदिर और बूढ़ा महादेव मंदिर के विकास तथा महामाया मंदिर चौक से समनापुर तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य भी किए जा रहे हैं।

किसान सदन में मिलेंगी सुविधाएं

विजय शर्मा ने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर में बने किसान सदन में किसानों और नागरिकों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। यहां टेलीविजन, आरामदायक कुर्सियां और वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि कार्यालय आने वाले लोगों को इंतजार के दौरान परेशानी न हो।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगरपालिका कवर्धा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं शाकम्बरी बोर्ड के सदस्य संतोष पटेल, जनपद पंचायत लोहारा अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा अध्यक्ष सरिता मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *