Janjgir-Champa Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में पहुंचे 7 लोग अचानक आसमानी बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
नदी किनारे बाड़ी में कर रहे थे काम
जानकारी के मुताबिक महुदा गांव में सात लोग नदी किनारे स्थित बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास की एक झोपड़ी में चले गए।
बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। झोपड़ी के अंदर मौजूद सभी सात लोग इसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन की मौके पर मौत, चार झुलसे
इस दर्दनाक हादसे में नरेश, तुलसी और रामभरोस की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलसकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को बलौदा में प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। अन्य दो घायलों का इलाज बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। तीनों मृतकों के शवों को मर्च्युरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
