CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 3 आरोपियों से 23.70 लीटर शराब जब्त

कबीरधाम। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना पंडरिया और चौकी पोड़ी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से कुल 23.70 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 5,400 रुपये बताई गई है, बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई।

पोड़ी में अवैध शराब परिवहन करते आरोपी पकड़ा गया

31 अगस्त 2026 को चौकी पोड़ी पुलिस को रिवापार रोड पुल के पास अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए छोटू पिता अंजोरी कोसले, उम्र 27 वर्ष, निवासी बोधईकुण्डा, थाना पिपरिया को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2,700 मिलीलीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है, बरामद की गई। मामले में थाना बोडला के अपराध क्रमांक 105/2026, धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पंडरिया में कच्ची महुआ शराब पर दो कार्रवाई

थाना पंडरिया पुलिस ने भी 31 अगस्त को अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई ग्राम तरहिया तालाब के पास की गई। यहां पुलिस ने चंद्रजीत पिता खेमसिंह मेरावी, उम्र 21 वर्ष, निवासी तरहिया, थाना पंडरिया के कब्जे से 11,000 मिलीलीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 2,200 रुपये बताई गई है। मामले में थाना पंडरिया के अपराध क्रमांक 175/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम अमलीडीहा गेट के पास की गई। पुलिस ने बालाराम पिता इतवारी साहू, उम्र 55 वर्ष, निवासी अमलीडीहा, थाना पंडरिया के कब्जे से 10,000 मिलीलीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इसकी कीमत करीब 2,000 रुपये है। इस मामले में थाना पंडरिया के अपराध क्रमांक 176/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

अवैध शराब के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ सतर्कता बरतते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना पंडरिया प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा, चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *