कवर्धा। कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में जिले के ही छात्र ने प्रवेश लेकर नया कीर्तिमान बनाया है। सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन कवर्धा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले जिले के प्रथम छात्र बने हैं। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर से हिमांशु को फोन कर बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
512 नंबर लाकर हासिल किया MBBS में प्रवेश
हिमांशु ने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं NEET परीक्षा में उन्होंने 512 अंक प्राप्त किए। मेडिकल प्रवेश की तैयारी के लिए हिमांशु ने भिलाई में कोचिंग भी ली थी। बातचीत के दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री को अपनी पढ़ाई, NEET की तैयारी और काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
डिप्टी CM ने पूछा- कैसे की NEET की तैयारी?
विजय शर्मा ने हिमांशु से उसकी स्कूली पढ़ाई और NEET की तैयारी के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने छात्र का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश बड़ी उपलब्धि है। अब पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करें।
डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने की दी सीख
उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर बनने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में काम कर अनुभव हासिल करें। साथ ही अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा में करने का प्रयास करें, ताकि उनकी सफलता का लाभ समाज तक भी पहुंचे।
50 सीटों के साथ शुरू हुआ कवर्धा मेडिकल कॉलेज
कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 MBBS सीटों के साथ शुरू हो रहा है। मेडिकल कॉलेज खुलने से कवर्धा और आसपास के विद्यार्थियों को अब चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
जिले के छात्र से ही हुई नए अध्याय की शुरुआत
कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र भी कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा का रहने वाला है। जिले में शुरू हुए मेडिकल कॉलेज के पहले ही बैच में स्थानीय छात्र का प्रवेश होना कवर्धा के लिए गौरव का अवसर माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी सत्र से शुरू हुआ है। 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुआ यह मेडिकल कॉलेज जिले में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
