Kabirdham Police Janchaupal: वनांचल क्षेत्र में पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद और विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस ने विशेष पहल की। थाना रेंगाखार क्षेत्र के ग्राम कनहरी में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने संध्याकालीन पुलिस जनचौपाल लगाई। इस दौरान SP खुद ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनते और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते नजर आए।
जनचौपाल में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन और थाना रेंगाखार प्रभारी अरविंद साहू सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। ग्राम कोयलाझोरी, बोदा-47 और घनीखुटा पंचायत के सरपंचों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं
पुलिस अधीक्षक के ग्रामीणों के बीच सहज तरीके से बैठकर संवाद करने से स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और विषय SP के सामने रखे।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना। पुलिस से जुड़े मामलों के नियमानुसार निराकरण के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिया गया। वहीं शासन स्तर से संबंधित मामलों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने की बात कही गई।
नशे और संदिग्ध गतिविधियों पर मांगी जानकारी
जनचौपाल के दौरान SP ने ग्रामीणों से क्षेत्र की जमीनी स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान असामाजिक गतिविधियों, नशे से जुड़े मामलों, अवैध गतिविधियों, संदिग्ध लोगों की आवाजाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इसलिए शाम के समय लगाई गई जनचौपाल
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि संध्याकालीन जनचौपाल आयोजित करने का एक प्रमुख उद्देश्य उन ग्रामीणों को भी संवाद से जोड़ना है, जो दिन में अपने काम के लिए गांव से बाहर जाते हैं।
शाम तक ग्रामीणों के वापस लौटने के बाद जनचौपाल आयोजित करने से अधिक लोगों से सीधे मुलाकात की जा सकती है। इससे उनकी समस्याएं सुनने के साथ क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों, जरूरतों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी मिलती है।

साइबर ठगी से लेकर महिला सुरक्षा तक जागरूकता
जनचौपाल में ग्रामीणों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने के साथ पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
इसके अलावा महिला और बालिका सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों को लेकर भी ग्रामीणों को जरूरी जानकारी दी गई। पुलिस ने नशीले पदार्थों या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।
पुलिस-जनता का संवाद मजबूत करने पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होने से सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है। ग्रामीण अपने क्षेत्र की परिस्थितियों से परिचित होते हैं, इसलिए उनकी सहभागिता और समय पर मिलने वाली सूचना अपराध और असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण हो सकती है।
कबीरधाम पुलिस की ओर से वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस को आम लोगों के बीच पहुंचाने, उनकी समस्याएं प्रत्यक्ष रूप से सुनने और जनसहयोग से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जनचौपाल और संध्याकालीन पुलिस जनचौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



