INDIA Alliance Rally: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन ने अपना विरोध तेज कर दिया है। शनिवार को उनके खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ प्रस्ताव पारित करने के बाद आज दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की महारैली आयोजित की जा रही है। चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताने के साथ ही विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस रैली में INDIA गठबंधन ने 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है, जबकि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 4,000 से अधिक जवान तैनात किए हैं।
मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक निकलेगा ‘चलो दिल्ली’ मार्च
INDIA Alliance Rally की शुरुआत दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से ‘चलो दिल्ली’ मार्च के साथ होगी। इसके बाद मार्च रामलीला मैदान पहुंचेगा, जहां शाम 5 बजे तक रैली आयोजित की जाएगी। INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से मार्च शुरू होने के स्थान तक खुली बसों में पहुंचेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में विपक्षी दलों के नेताओं और समर्थकों के अलावा छात्र संगठनों तथा नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। गठबंधन ने छात्रों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों से भी रैली में भाग लेने की अपील की है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) और कुछ छात्र संगठनों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।
10 लाख लोगों के जुटने का दावा, पुलिस का अनुमान 50 हजार
INDIA Alliance Rally में भीड़ को लेकर INDIA गठबंधन और दिल्ली पुलिस के अनुमान में बड़ा अंतर है। विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है, जबकि पुलिस अधिकारियों का अनुमान लगभग 50 हजार लोगों का है।
अधिकारियों के मुताबिक, रामलीला मैदान में सामान्य स्थिति में करीब 45 से 50 हजार लोगों के आने की क्षमता है। हालांकि, कुर्सियों, सुरक्षा घेरों और आवाजाही के लिए रास्ते बनाए जाने के बाद यह क्षमता घटकर लगभग 30 से 40 हजार रह जाएगी। भीड़ अधिक होने की स्थिति से निपटने के लिए मैदान के बाहर भी अतिरिक्त जगह रखी जाएगी।
सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा जवान तैनात
INDIA Alliance Rally और प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियों के साथ 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे। भीड़ पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे, ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी-वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। मैदान के अंदर एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
तिरंगे की थीम पर सजा रामलीला मैदान
INDIA Alliance Rally के लिए रामलीला मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वरिष्ठ विपक्षी नेताओं के लिए बनाए गए मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगे की थीम वाला शामियाना लगाया गया है। वहीं, INDIA गठबंधन की अलग-अलग प्रदेश इकाइयों के प्रतिनिधियों के लिए दूसरा मंच तैयार किया गया है।
मैदान में सफेद शामियानों की कतारें लगाई गई हैं। लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए लोहे के बैरिकेड लगाए गए हैं। इसके अलावा कुर्सियों और अन्य जरूरी सामग्री को लेकर ट्रकों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी रहा।
दिल्ली में ट्रैफिक पर असर, पुलिस ने जारी की व्यवस्था
INDIA Alliance Rally के मद्देनजर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति दी गई है, लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
ऐसे में रैली में शामिल होने वाले लोगों और आम वाहन चालकों को यातायात व्यवस्था से जुड़े निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
एक दिन पहले विपक्ष ने पारित किया था ‘जन महाभियोग’ प्रस्ताव
रामलीला मैदान की यह महारैली शनिवार को INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ कार्यवाही के अगले दिन हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की थी।
कार्यवाही के दौरान खरगे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के आरोपों से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समापन भाषण दिया। इसके बाद प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यक्रम में विपक्षी दलों के नेताओं, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और SIR से प्रभावित होने का दावा करने वाले लोगों ने हिस्सा लिया।
क्या है INDIA गठबंधन का आरोप?
विपक्षी गठबंधन पिछले कुछ समय से कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के जरिए बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और इसमें निर्वाचन आयोग की भूमिका रही है।
इन आरोपों को लेकर विपक्षी दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी संपर्क कर चुके हैं और उच्चतम न्यायालय का रुख भी कर चुके हैं। अब रामलीला मैदान की महारैली के जरिए INDIA गठबंधन इस मुद्दे पर अपना विरोध और तेज करने की तैयारी में है।
