Chhattisgarh Job Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित होगा। अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्तियों की जानकारी मिल चुकी है। 10वीं-12वीं से लेकर ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक, MBA और MCA तक के अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
8,720 पदों पर नौकरी का मौका
छत्तीसगढ़ के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगेगा।
मेले के लिए अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है। इन पदों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। अलग-अलग कंपनियों और संस्थाओं से रिक्तियों की जानकारी मिलने का सिलसिला जारी है।
10वीं पास से MBA तक के युवाओं के लिए मौका
इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, BE/BTech, BSc Agriculture, स्नातक, MBA और MCA सहित विभिन्न योग्यताओं वाले युवाओं के लिए पद उपलब्ध हैं।
यानी अगर आपने सिर्फ 10वीं या 12वीं तक पढ़ाई की है, तब भी आपके लिए कुछ पदों पर अवसर हो सकता है। वहीं तकनीकी और उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए भी अलग-अलग पद उपलब्ध कराए गए हैं।
मशीन ऑपरेटर से इंजीनियर और नर्सिंग स्टाफ तक भर्ती
रोजगार मेले में अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां और संस्थाएं हिस्सा लेंगी। उपलब्ध पदों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, टेक्नीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर और कस्टमर केयर जैसे पद शामिल हैं।
इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर, पिकर-पैकर और अप्रेंटिस-ट्रेनी जैसे पदों पर भी अवसर उपलब्ध हैं।
इन कंपनियों में मिल सकते हैं नौकरी के अवसर
अब तक रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, सतलुज टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, NIIT, AISECT, स्वतंत्र माइक्रोफिन समेत कई कंपनियों और संस्थाओं की ओर से रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
इनमें मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग-फाइनेंस, सेल्स-मार्केटिंग, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर शामिल हैं।
ऑफलाइन पहुंचने से पहले ऑनलाइन आवेदन जरूरी
इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक जरूरी बात यह है कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ‘रोजगार इच्छुक लॉगिन’ के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना और उपलब्ध रिक्तियों में से अपनी पसंद के पद का चयन करना अनिवार्य है।
अभ्यर्थी पोर्टल पर अपना बायोडाटा और प्रोफाइल अपडेट कर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित नियोजक अभ्यर्थियों की प्राथमिक शॉर्टलिस्टिंग कर सकते हैं और इसके बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी।
8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर 2026 को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता प्रस्तावित है।
युवाओं के लिए यह रोजगार मेला निजी क्षेत्र में सीधे कंपनियों और नियोजकों तक पहुंचने का अवसर है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और बायोडाटा से जुड़ी जानकारी अपडेट रखकर पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों को ध्यान से देखना होगा।
