Kawardha News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 20 वर्षीय युवती के लापता होने और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों पर पुलिस ने अपना पक्ष रखा है। कबीरधाम पुलिस ने इन खबरों का खंडन करते हुए कहा कि सूचना मिलने के बाद युवती के संबंध में पतासाजी की गई और फोन व वीडियो कॉल के जरिए उसकी परिजनों से बातचीत कराई गई।
युवती ने अपनी मर्जी से घर छोड़ने की बात कही
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, कुकदुर थाना क्षेत्र की युवती के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों से जरूरी दस्तावेज मंगाए और उसके बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद युवती से संपर्क कर उसके परिजनों की फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कराई गई।
पुलिस का कहना है कि बातचीत के दौरान युवती ने अपनी इच्छा से घर से जाने की बात कही। उसने अपने बालिग होने के संबंध में भी जानकारी और प्रमाण प्रस्तुत किए।
परिजनों को दी अपने बारे में पूरी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, युवती ने परिजनों को बताया कि वह वर्तमान में कहां है, किस स्थान पर काम कर रही है, उसका मोबाइल नंबर क्या है और वह किसके साथ घर से निकली थी।
कबीरधाम पुलिस ने यह भी कहा कि युवती ने किसी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात नहीं कही है।
सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें नहीं फैलाने की अपील
पुलिस ने आम लोगों, सोशल मीडिया प्रतिनिधियों और पोर्टल संचालकों से अपील की है कि किसी भी घटना से जुड़ी खबर प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूर करें। पुलिस के अनुसार, सही और प्रमाणित जानकारी के आधार पर ही खबरें प्रसारित की जानी चाहिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवती के मामले में परिजनों से बातचीत कराई गई और युवती ने खुद अपने संबंध में जानकारी दी। ऐसे में पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों को लेकर अपना पक्ष सार्वजनिक किया है।
