CG News Times

CG Cyber Crime: कबीरधाम पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, UPI फ्रॉड से बचने के बताए तरीके

कवर्धा। ऑनलाइन ठगी और डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाया। अभियान के दूसरे सप्ताह में पुलिस टीमों ने बैंक, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन और UPI के सही इस्तेमाल की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदारअमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों को साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए।

बैंक और स्कूलों में पहुंची पुलिस

थाना कुंडा पुलिस ने सहकारी बैंक कुंडा में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को जागरूक किया। साइबर थाना कबीरधाम की टीम ने ग्राम सरोधा के गार्डन में आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी।

इसी तरह चिल्फी पुलिस ने स्टेट बैंक चिल्फी, पांडातराई पुलिस ने हाईस्कूल पांडातराई, पोड़ी चौकी पुलिस ने पीएम श्री आत्मानंद स्कूल पोड़ी और दशरंगपुर चौकी पुलिस ने जिला सहकारी बैंक के साथ हायर सेकंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम किया।

बोड़ला पुलिस ने आत्मानंद स्कूल के छात्र-छात्राओं और रेंगाखार पुलिस ने ग्राम उमरवाही में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए।

UPI PIN और OTP किसी से शेयर न करें

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों को समझाया कि UPI PIN, OTP, ATM PIN और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और मोबाइल में संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।

पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी करने वाले अक्सर फोन कॉल, मैसेज या लिंक के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए।

ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने लोगों को बताया कि अगर ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने की कार्रवाई की जा सकती है।

कबीरधाम पुलिस ने कहा कि ‘साइबर जागृति अभियान’ का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के लिए सावधान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *