कवर्धा। कबीरधाम जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जारी 8 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया। इसके साथ ही विवाद और शांति भंग की आशंका को देखते हुए 6 आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित पटेल और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
8 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामिली करते हुए इन 8 लोगों को गिरफ्तार किया—
- विजय कुमार साहू (45), निवासी दर्रीपारा, कवर्धा
- रोहित साहू (45), निवासी खैरबाना कला
- रूपेश देवदास (38), निवासी रामनगर, कवर्धा
- उदल जायसवाल (58), निवासी राजनांदगांव रोड, कवर्धा
- विकास साहू (19), निवासी गंगानगर, कवर्धा
- दुखीराम उर्फ गोरखा जांगड़े (50), निवासी घोटिया
- संजय धुर्वे (21), निवासी जुनवानी
- मोहन चंदौल (42), निवासी रामनगर, कवर्धा
पुलिस ने सभी वारंटियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
शराब भट्ठी के पास दो गुटों में विवाद
वहीं सिटी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास छोटे पुलिया में दो गुटों के बीच विवाद की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, समझाइश के बावजूद संबंधित लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इसके बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को रोकने के लिए 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में आए लोगों में खेलावन उर्फ खेमू, कैलाश बंजारे उर्फ गब्बर, प्रीतम कुर्रे, सचिन कोसले, यशवंत मेरावी और लक्ष्मण मेरावी शामिल हैं।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वारंटियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
